शिक्षा किसी भी राष्ट्र के सामाजिक, आर्थिक और लोकतांत्रिक विकास की आधारशिला है। किंतु शिक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता केवल नीतिगत घोषणाओं से नहीं, बल्कि उनके जमीनी क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समावेशिता से निर्धारित होती है। वर्षों के शिक्षकीय, सामाजिक और संस्थागत अनुभवों ने मुझे यह समझने का अवसर दिया कि शिक्षा सुधार एक बहुस्तरीय प्रक्रिया है, जिसमें नीति, प्रशासन, शिक्षक-तैयारी, सामुदायिक सहभागिता और मूल्य-आधारित दृष्टिकोण का संतुलित समन्वय आवश्यक है। शिक्षा मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं रही, बल्कि जीवन को समझने और समाज को बदलने का माध्यम भी रही है। वर्षों की इस यात्रा में मैंने विद्यालयों में कक्षा-कक्षों के भीतर बच्चों की चमकती आँखों में सपने देखे हैं और उन्हीं सपनों को व्यवस्था की सीमाओं में उलझते भी देखा है। शायद इसी द्वंद्व ने इस पुस्तक को जन्म दिया।
वैकल्पिक शिक्षा के क्षेत्र में दिगंतर के साथ कार्य करते हुए यह अनुभव प्राप्त हुआ कि शिक्षा का केंद्रीकरण और मानकीकरण कई बार बच्चों की विविध आवश्यकताओं की उपेक्षा कर देता है। बाल-केंद्रित और अनुभवात्मक शिक्षण पद्धतियाँ न केवल अधिगम की गुणवत्ता को बढ़ाती हैं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वायत्तता और आलोचनात्मक चिंतन का विकास भी करती हैं। शिक्षा में खेल, जीवन-कौशल और सामुदायिक सहभागिता को समाहित करना अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय तभी प्रभावी संस्थान बन सकता है जब वह समुदाय के साथ संवाद स्थापित करे और शिक्षण प्रक्रिया को सामाजिक संदर्भों से जोड़े।
अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ जुड़ाव ने शिक्षा के वैश्विक परिप्रेक्ष्य को समझने का अवसर प्रदान किया। यूनिसेफ के सहयोग से बाल-अधिकार, समावेशी शिक्षा और गुणवत्ता संकेतकों पर कार्य करते हुए यह अनुभव हुआ कि नीति-नि